जमशेदपुर: ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) झारखंड राज्य परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के खिलाफ आवाज़ उठाई. प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को एक मांग पत्र सौंपा, जिसमें सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई और लद्दाख से जुड़े जनमुद्दों पर केंद्र सरकार के हस्तक्षेप की मांग की गई. एआईएसएफ के राज्य सचिव विक्रम कुमार ने कहा कि सोनम वांगचुक ने अपना जीवन पर्यावरण संरक्षण, जलवायु न्याय और हिमालयी पारिस्थितिकी के संवर्धन के लिए समर्पित किया है.(नीचे भी पढ़े)
उनकी गिरफ्तारी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है और जनहित में आवाज उठाने वालों को डराने का प्रयास प्रतीत होती है. संगठन ने कहा कि किसी विचारशील और जनसेवी व्यक्ति की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधानिक मूल्यों के विरुद्ध है. इससे समाज में असहिष्णुता का माहौल बनता है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है. एआईएसएफ ने अपनी तीन सूत्री मांगें भी रखीं. (नीचे भी पढ़े)
इसके अनुसार लद्दाख में हुई घटनाओं की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए. लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं.आंदोलनकारियों पर लगाए गए सभी झूठे मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं आदि शामिल हैं. एआईएसएफ झारखंड राज्य परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि सोनम वांगचुक को शीघ्र रिहा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.













