जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में एएसपी ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम मुहर्रम को लेकर विभिन्न अखाड़ों और इमामबाड़ों का निरीक्षण करने निकली. निरीक्षण के दौरान पुलिस ने बस्तियों में घूम-घूमकर बिना हेलमेट और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों के खिलाफ ऑनलाइन चालान की कार्रवाई भी की. यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया यह अभियान सराहनीय माना जा रहा है. सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों का भी मानना है कि हेलमेट नहीं पहनना और बिना लाइसेंस वाहन चलाना दुर्घटनाओं के दौरान गंभीर परिणामों का कारण बन सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, अभियान के दौरान स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी होती रही कि यदि पुलिस बस्तियों तक पहुंचकर यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई कर सकती है, तो खुलेआम नशा करने वालों, असामाजिक तत्वों और छोटे-मोटे अपराधों में शामिल लोगों पर भी इसी तरह नियमित निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए. लोगों का मानना है कि शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जरूरी है.





