
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना का घेराव करने, पुलिस वाहन पर पथराव करने और थाना में घुसकर पुलिस कर्मियों से अभद्र व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की प्राथमिकी दर्ज की है. बागबेड़ा थाना के एसआई नारायण कुमार सिंह के बयान पर 18 नामजद और 50 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है. इस मामले में पोस्तोनगर निवासी हिमांशु दुबे, सुजीत शाही, भवनाथ सिंह, अनिल कुमार, कीताडीह ग्वाला पट्टी निवासी अरुण यादव, पोस्तोनगर निवासी मनीष यादव, राम सुरत यादव, बागबेड़ा कॉलोनी निवासी मनोज कुमार, प्रधानटोला निवासी बलराम साह उर्फ पटेल, ग्वालापट्टी निवासी कृष्णा यादव, पोस्तोनगर निवासी मनोज यादव, कीताडीह निवासी उमेश यादव, गौतम, संजीत साह, राजु महतो, सुमन गिरी, सोनु मिश्रा और शिवम केशरी उर्फ छोटु शामिल है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात लोगों की भी पहचान में जुट गई है. इसमें से पांच लोगों को पुलिस जेल भेज चुकी है. बता दे कि बागबेड़ा पोस्तु नगर से 100 डायल पर पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ लोग जुआ खेल रहे है. सूचना पर पुलिस पहुंची और मौके से पांच लोगों को हिरासत में लेकर थाना पहुंची. इधर गुस्साए बस्ती के लोग भी थाना के बाहर पहुंचे और पुलिस के वाहनों पर पथराव भी किया जिसमे एक पुलिस कर्मी भी घायल हो गया. मामले को काबू में करने के लिए क्यूआरटी बुलाई गई जिसके बाद मामला शांत हुआ.







