जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा सिद्धो कान्हू मैदान में सुलुईस गेट के मरम्मत को लेकर रविवार को बस्तीवासियों ने एकदिवसीय उपवास रख विरोध जताया. उपवास रख जिला प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट करने का प्रयास किया गया. पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव ने बताया कि विभाग द्वारा करोड़ो रुपए खर्च कर सुलुईस गेट का निर्माण किया गया, ताकि बागबेड़ा बडौदा घाट नदी के तटीय इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा ना हो. पिछले कई वर्षों से सुलुईस गेट की स्थिति जर्जर हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)
सही तरीके से फाटक नहीं खुलने की वजह से 2 घंटे की बारिश में ही तटीय इलाकों के सैकड़ो घरों में नाले का पानी प्रवेश कर जा रहा है. इस समस्या के कारण लोग क्षेत्र से पलायन कर रहे हैं. नाले का पानी क्षेत्र में प्रवेश करने की वजह से गंदगी और महामारी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. इस स्थिति को देखते हुए जिले के उपायुक्त ने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को इस स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे. इसके बावजूद भी स्थिति जस की तस बरकरार है. इस स्थिति से परेशान बस्तीवासियों ने पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव के नेतृत्व में बागबेड़ा सिद्धो कानू मैदान में एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम का आयोजन कर अपनी परेशानियों से जिला प्रशासन को अवगत कराया.




