जमशेदपुर : बिहार एसोसिएशन के साहित्यिक सांस्कृतिक पार्श्व ‘दिनकर परिषद्’ की स्वर्ण जयन्ती सह दिनकर जयन्ती समारोह शनिवार 11 अक्टूबर को संध्या 5.00 बजे से राजेन्द्र विद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित होने जा रहा है. राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की पुण्य स्मृति में गठित ‘दिनकर परिषद्’ अपने पूरे सामर्थ्य के साथ नगर के प्रबुद्ध जन की साहित्यिक-सांस्कृतिक जरूरतें पूरी करने का प्रयास करती रही है. ‘परिषद्’ की ओर से संचालित ‘केन्द्रीय पुस्तकालय’ नगर वासियों के बौद्धिक एवं सांस्कृतिक-साहित्यिक आवश्यकताओं की पूर्ति में निरंतर जुटी हुई है. स्वर्ण जयन्ती समारोह ‘दिनकर परिषद्’ की पचास वर्षों की यात्रा के पुनरावलोकन का अवसर है. (नीचे भी पढ़ें)

‘परिषद्’ इस वर्ष अपनी स्वर्ण जयन्ती के साथ ही आग और राग के अमर गायक, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयन्ती भी मना रही है. राष्ट्र कवि को उनकी जयन्ती के अवसर पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के उद्देश्य से आयोजित हो रहे जयन्ती समारोह में हिन्दी नवगीत के शिखर पुरुष, सुप्रसिद्ध कवि-गीतकार एवं चिन्तक डॉ बुद्धिनाथ मिश्र मुख्य अतिथि होंगे. राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ को याद करने के इस पुण्य अवसर पर ‘दिनकर जी’ के पौत्र ऋत्विक उदयन भी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे. इस समारोह में नगर के प्रबुद्ध साहित्य-संस्कृति कर्मियों, प्राध्यापकों, साहित्यकारों के साथ ही नगर के स्कूल से लेकर महाविद्यालय स्तर के सैकड़ों विद्यार्थी भी शिरकत करेंगे.




