
जमशेदपुर : दीपावाली और छठ पर्व को लेकर बिहार के पटना जानेवाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है. रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 10 नवंबर से पटना जाने वाली टाटा-पटना, दुर्ग-राजेंद्रनगर टर्मिनल तक जाने वाली एक्सप्रेस समेत नौ जोड़ी ट्रेनें चलाने की अनुमति रेलवे बोर्ड ने दी. गुरुवार को रेलवे बोर्ड ने इनके परिचालन की मंजूरी दे दी है. इसके अलावा धनबाद-पटना गंगा दामोदर एक्सप्रेस, रांची-पटना जनशताब्दी और सहरसा व पूर्णिया जाने वाली कोशी एक्सप्रेस भी शामिल हैं. इन ट्रेनों को 30 नवंबर तक स्पेशल बनाकर चलाने की अनुमति दी गयी है. बाद में परिस्थितियों के अनुसार इसके फेरे में विस्तार किया जाएगा. झारखंड से त्योहार के सीजन में बिहार के लिए काफी संख्या में लोग यात्रा करते है. इन ट्रेनों के परिचालन होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी. इसके तहत पटना से टाटा एक्सप्रेस, पटना के राजेंद्र नगर से दुर्ग एक्सप्रेस, रांची से पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, धनबाद से पटना गंगा से दामोदर एक्सप्रेस, धनबाद से पटना एक्सप्रेस और बरकाकाना से पटना का पलामू एक्सप्रेस को चलाने की इजाजत मिली है.














