
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर अनुमंडल मुख्यालय के नोवामुण्डी प्रखंड सह अंचल क्षेत्र में स्थापित मेसर्स टाटा स्टील नोवामुण्डी के द्वारा पर्यावरण स्वीकृति के लिए शुक्रवार को होने वाली लोक सुनवाई कार्यक्रम को लेकर तैयारी कर ली गयी है. इसमें अधिकतम 200 व्यक्तियों को 6 फीट की दूरी के अनुसार बैठने की व्यवस्था करने का निर्देश जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त के द्वारा दिया गया है. कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं विभागीय स्तर के पदाधिकारी भी सम्मलित होंगे. कार्यक्रम में काफी संख्या में भीड़ होने के कारण विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की संभावना होगी. लोक सुनवाई कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, कोविड से सबंधित सरकार द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों एवं व्यक्तियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराये जाने के लिए दण्डाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों व सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. नोवामुण्डी अंचल अंतर्गत मेसर्स टाटा स्टील लिमिटेड नोवामुंडी के माइंस विस्तारिकरण के पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल प्ले ग्राउंड नोवामुण्डी में लोकसुनवाई कार्यक्रम की व्यवस्था की गयी है. इसमें कुल 13 दण्डाधिकारी व 13 पुलिस पदाधिकारियों तथा सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इसमें जिला से उप विकास अयुक्त इंदु गुप्ता व जिला भूअर्जन पदाधिकारी एजाज अनवर को विशेष रूप से प्रतिनियुक्त किया गया है. लोक सुनवाई के दौरान वरीय पदाधिकारी के रूप में जगन्नाथपुर अनुमंडलाधिकारी शंकर एक्का व एसडीपीओ किरीबुरु हीरालाल रवि को प्रतिनियुक्त करने के साथ ही जरूरत के अनुसार सुरक्षा बलों को कार्य में लगाने का भी आदेश दिया गया है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
कहां-कहां होंगे गेट और दर्शक दीर्घा
लोक सुनवाई स्थल मंच के पास बीडीओ नोवामुण्डी सह दण्डाधिकारी के रूप में समरेश प्रसाद भंड़ारी, लोकसुनवाई स्थल के पुरूष दीर्घा में सीओ नोवामुंडी सुनील चंद, महिला दीर्घा में सीडीपीओ प्रभा विश्वकर्मा रहेंगी. डीएवी स्कूल मेन गेट, मेन गेट बैरियर, एमई स्कूल दर्शक दीर्धा व बैरियर, ऑफिसर क्लब गेट व बैरियर, क्लब गेट, ओल्ड 3 रूम बैरियर व दर्शक दीर्घा तथा टिस्को का मेन गेट एसआरएसएस गेट दर्शक दीर्घा में दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी तथा सुरक्षा बल तैनात होंगे. दण्डाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त कनीय अभियंता पंकज प्रभात, अमर कुमार, बीपीओ किशोर सिंकू, कनीय अभियंता पीएचडी अकाश जायसवाल, बीईओ जगन्नाथपुर इंद्रदेव कुमार, सीआई मो युसूफ, सुमित खंडाईत, सुमन कुमार सिंह, रविंद्र कुमार सिंहदेव, थनेश उरांव तैनात रहेंगे.







