
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में सट्टेबाजों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. इस कड़ी में बिष्टुपुर पुलिस ने बिष्टुपुर बाजार में छापामारी की, जहां से पुलिस ने सट्टा खेलाते हुए गम्हरिया के युवक उमेश रजक को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक युवक भागने में सफल रहा, जिसको पकड़ने के लिए पुलिस छापामारी कर रही है. डीएसपी अरविंद कुमार ने इसकी पुष्टि की है और कहा है कि एक आरोपी पकड़ा गया है, जो जुआ अड्डा के साथ ही सट्टेबाजी भी कराता था. उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है. पुलिस ने उसके पास से सात हजार रुपये, मोबाइल के अलावा मटका का टिकट भी बरामद किया है. सट्टेबाजी को लेकर 10 अक्तूबर को भी छापामारी की गयी थी, जिसमें पहले छह लोगों को पकड़ा गया था जबकि अभी एक और युवक को पकड़ा गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. वैसे इसी तरह के एक मामले में साकची थाना क्षेत्र में दशरथ शुक्ला ने अपने साथी विकास सिंह के साथ मिलकर राहुल छाबड़ा पर गोलियां चलायी थी, जिसमें वह बाल बाल बच गया था. इस कारण अब अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान की शुरुआत कर दी गयी है.






