
जमशेदपुर : झारखंड सरकार के खिलाफ भाजपा अनुसूचित जनमोर्चा (एसटी मोर्चा) ने मोर्चा खोल दिया है. बुधवार को जमशेदपुर के बारीडीह गोलचक्कर के समीप भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा धरना प्रदर्शन के माध्यम से झारखंड सरकार की नीतियों का पुरजोर विरोध किया गया. जानकारी देते हुए भाजपा नेता रमेश हांसदा ने वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया. उन्होंने आदिवासियों के हितों का दावा कर सत्तासीन होने वाली हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों को आदिवासी विरोधी बताया. उन्होंने बताया कि डोमिसाइल नीति का मामला हो या बेरोजगार आदिवासी युवाओं को रोजगार देने का मामला, महिला सुरक्षा का मामला हो या आदिवासी बुजुर्गों को पेंशन देने का मामला, सभी मामलों पर हेमंत सोरेन सरकार विफल रही है. उन्होंने साजिश के तहत हेमंत सोरेन सरकार पर पंचायत चुनाव को टालने का आरोप लगाया. उन्होंने वर्तमान सरकार की मान्यता रद्द कर फिर से चुनाव कराए जाने की मांग की.





