
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत को-ऑपरेटिव सोसाइटी के पास टाटा मोटर्स बाउंड्री के बाहर बाइक सवार तीन युवकों ने पिस्तौल सटाकर परसुडीह बामनगोड़ा निवासी रतन गोप की स्कूटी लूट ली. घटना मंगलवार शाम 6 बजे की है. इधर स्कूटी लूटने के बाद सभी लूटेरे स्कूटी लेकर जेम्को की ओऱ फरार हो गए. रतन ने 100 डायल कर घटना की सूचना दी. मामले को लेकर जब रतन टेल्को थाना में लिखित शिकायत करने पहुंचे तो थाना में उनसे दो गवाह मांगे गए जिस कारण उन्होंने अभी तक लिखित शिकायत नहीं की है. रतन ने बताया की वे परसुडीह के बामनगोड़ा में रहते है. वे अपने चाचा की स्कूटी संख्या जेएच05एटी 5785 लेकर पानी भरने के लिए टाटा मोटर्स बाउंड्री के बाहर गए थे. इतने में तीन युवक बाइक से आए और उसके मुंह में मुक्के से मारकर कनपट्टी पर पिस्तौल सटा दी. पिस्तौल सटाने के बाद उन्होने रुपये की मांग कर दी. रुपये नहीं होने की बात कहने पर उन्होने स्कूटी की चाबी मांगी और स्कूटी लेकर जेम्को की ओऱ फरार हो गए. इस मामले में टेल्को थाना प्रभारी का कहना है कि रतन की स्कूटी चोरी हुई है. ऐसी किसी भी घटना से उन्होने साफ इंकार कर दिया है.






