
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार शाम रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी हुई. झारखंड प्रदेश भाजपा द्वारा नियुक्त प्रभारी राकेश प्रसाद, प्रदीप वर्मा, विनय लाल एवं एडवर्ड सोरेन की मौजूदगी में पार्टी के प्रदेश और जिला स्तरीय प्रमुख नेताओं ने जिलाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के पक्ष में अपना लिखित मंतव्य सौंपा. जिलाध्यक्ष के लिए कई दावेदारों ने दावेदारी की, शाम पांच बजे साकची स्थित पार्टी के जिला मुख्यालय में रायशुमारी की प्रक्रिया शुरू हुई. एक-एक कर अपेक्षित नेताओं ने अपने लिखित मंतव्य के साथ रायशुमारी में हिस्सा लिया.

कार्यालय के बाहर जिलाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के साथ-साथ सैकड़ों की संख्या में उनके समर्थक डटे हुए थे, जल्द जिला अध्यक्ष की घोषणा प्रदेश नेतृत्व के द्वारा की जाएगी उसके बाद मंडल अध्यक्ष की घोषणा होगी. इस दौरान शाम करीब पांच बजे के बाद पहुंचे भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव, बिनोद सिंह और अजय श्रीवास्तव ने हंगामा किया और कहा कि चुनाव में धांधली हो रही है, उन लोगों से पूछा तक नहीं जा रहा है. इसके बाद हंगामा बढ़ने लगा. इसके बाद खुद प्रभारी राकेश प्रसाद बाहर आ गये और उनसे बातचीत की. उनको बताया कि वे लोग रायशुमारी में बुलाये नहीं गये है, लेकिन फिर भी अगर चाहते है तो लिखित तौर पर दे सकते है.

इस दौरान भाजपा की महिला अध्यक्ष नीरू सिंह ने भी मुलाकात कर अपना लिखित तौर पर शिकायत और मंतव्य दिया. हालांकि, बाद में मामला खुद राकेश प्रसाद के हस्तक्षेप से शांत हो गया. जिला अध्यक्ष के पद के लिए दिनेश कुमार को फिर से जिला अध्यक्ष बनाने को लेकर अधिकांश लोगों ने अपनी रजामंदी दी है. हालांकि, इस पद के लिए पूर्व जिला अध्यक्ष नंदजी प्रसाद, बिनोद सिंह सरीखे नेता भी दावेदारी पेश कर रहे है जबकि सोनारी के मंडल अध्यक्ष रहे संजीव सिन्हा ने भी अपना दावा पेश किया है लेकिन लगभग तय माना जा रहा है कि दिनेश कुमार को ही फिर से जिला अध्यक्ष मनोनित किया जायेगा.

रायशुमारी में इन्होंने दी अपनी सलाह :
पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ल, जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, निवर्तमान जिलाध्यक्ष नंदजी प्रसाद, मनोज कुमार सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, रमेश हांसदा, कमलेश सिंह, भरत सिंह समेत पिछड़ा जाती मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हलधर नारायण शाह, भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री गुंजन यादव, एसटी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शोभा सामंत, प्रदेश मंत्री रीता मिश्रा, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री अबू नसीम अशरफ़, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष चितरंजन वर्मा, भूपेंद्र सिंह, बारी मुर्मू, संदीप मिश्रा, सत्यप्रकाश सिंह, जिला महामंत्री अनिल मोदी, चंद्रशेखर गुप्ता, जिला मंत्री राकेश सिंह, सुनील बारी, विमलकांत झा, पुष्पा तिर्की, शिखा राय चौधरी, जिला कोषाध्यक्ष विमल जालान, भाजयुमो मोर्चाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, पिछड़ा जाती मोर्चाध्यक्ष गोपाल जायसवाल, किसान मोर्चाध्यक्ष मुचिराम बाउरी, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष काजू शांडिल्य, एससी मोर्चाध्यक्ष विमल बैठा. इनके अलावे पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, विनोद सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, प्रमुख नेताओं में विकास सिंह, खेमलाल चौधरी, धर्मेंद्र प्रसाद, संजीव सिन्हा, दीपक पारिख, अंकित आनंद, पोरेश मुखी, विक्रम चंद्राकर, राजन सिंह, नीरू सिंह, पप्पू सिंह समेत कई नेताओं ने प्रभारियों से मुलाकात कर अपने विचारों से अवगत कराया.






