जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आगामी 7 अक्टूबर को पूरे झारखंड प्रदेश में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी. इस क्रम में, प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जमशेदपुर महानगर में इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सेवा ज्योति यात्रा के तहत बुधवार को सुबह 9:30 बजे जमशेदपुर के साकची स्थित बोधी मंदिर मैदान में जमशेदपुर महानगर के चारों विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक एकत्रित होंगे. यहां सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन का बड़े एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात बोधी मंदिर मैदान से साकची जुबिली पार्क गोलचक्कर तक पैदल मार्च करते हुए सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी. इस संबंध में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि सेवा ज्योति यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और उमंग का वातावरण है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्रसेवा, सुशासन, जनकल्याण और अंत्योदय के प्रति समर्पण के 25 वर्ष हैं. (नीचे भी पढ़े)
सेवा ज्योति यात्रा इसी सेवा भावना और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का एक माध्यम है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर महानगर में आयोजित होने वाली यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक समेत पार्टी के वरिष्ठ नेतागण, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सेवा ही संगठन और सेवा ही संकल्प’ के भाव को आगे बढ़ाने एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और राष्ट्रनिर्माण का संदेश पहुंचाने का अवसर है. जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर महानगर के सभी मंडलों एवं चारों विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है. कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार संपर्क एवं समन्वय किया जा रहा है. उन्होंने जमशेदपुर महानगर के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से 7 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे साकची बोधी मंदिर मैदान पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर सेवा ज्योति यात्रा को सफल बनाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा के संकल्प को सक्रिय भागीदारी से मजबूती प्रदान करें.




