जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी गोलमुरी मंडल द्वारा शनिवार को जॉगर्स पार्क में स्वच्छता अभियान सह जागरूकता अभियान चलाया गया. मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे पार्क परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज निर्माण का संकल्प लिया. अभियान में भाजपा पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव एवं मंडल प्रभारी पवन अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद रहे. स्वच्छता अभियान के पश्चात, कार्यकर्ताओं ने आमजनों के संग पीएम नरेन्द्र मोदी के प्रेरणा से चलाये जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पार्क परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया. इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सेवा और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं. ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान और भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का दर्शाता है. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर चलाने की अपील की. प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. भाजपा सरकार विकास के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण को भी समान महत्व दे रही है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए. मंडल प्रभारी पवन अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही सफल हो सकते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए अभियानों ने पूरे देश में जनजागरण का कार्य किया है. अभियान के दौरान भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा, मंडल महामंत्री अशोक सामंत, अमिश अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह शिंदे, समरेश कुमार, श्रीनू राव, बी श्रीनिवास राव, नौशाद खान, सतीश शर्मा, अमरेंदर कुमार, राकेश गिरी, उमेश गिरी, संदीप आईच, रंजीत गुप्ता, रबिन्द्र घोष, बिशु सिंह, उमेश प्रसाद, राजेश कुमार, दिलीप प्रामाणिक, अमरेंदर उपाध्याय, नागेश राव, दीपक मुखर्जी, टिंकू मुखी, ऋषभ सिंह, दीपक सिंह, सन्नी सिंह चौहान समेत शक्ति केंद्र के संयोजक, बूथ अध्यक्ष व अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे.







