जमशेदपुर : भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी एवं जमशेदपुर महानगर जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिनेश कुमार ने आज गोलमुरी सब्जी मार्केट पहुंचकर विगत संध्या हुई फायरिंग एवं रंगदारी की घटना के भुक्तभोगी मथुरा पोद्दार एवं उनके भाई ज्योति पोद्दार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय सहित पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता अशोक सामंता, बंटी अग्रवाल, समरेश कुमार, सुरेंद्र सिंह शिंदे, लक्ष्मण बेहरा, मोहम्मद नौशाद एवं संदीप आइच भी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
दिनेश कुमार ने घटनास्थल से ही गोलमुरी थाना प्रभारी से दूरभाष पर बात कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की. साथ ही, उन्होंने अपराधियों के भय से अपनी दुकानें बंद करने वाले व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने तथा सभी दुकानों का संचालन सामान्य रूप से सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह भी किया. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक एवं व्यावसायिक शहर में व्यापारियों के बीच भय का वातावरण अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. यदि व्यापारी स्वयं को असुरक्षित महसूस करेंगे तो इसका प्रतिकूल प्रभाव व्यापार, निवेश और आम जनजीवन पर पड़ेगा. कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना राज्य सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराध एवं रंगदारी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल दिखाई दे रही है, जिसके कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है. ऐसी घटनाओं पर तत्काल और कठोर कार्रवाई आवश्यक है, ताकि जनता एवं व्यापारियों का प्रशासन पर विश्वास बना रहे. उन्होंने कहा कि भाजपा व्यापारियों, आम नागरिकों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की सुरक्षा के लिए सदैव उनके साथ खड़ी है. यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होती और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तो भारतीय जनता पार्टी जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी.







