जमशेदपुर: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली व अनियमितताओं के खिलाफ झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) और छात्र संगठनों का आंदोलन तेज हो गया है. जेएलकेएम के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं और अभ्यर्थियों द्वारा राज्य के सभी जिलों में जोरदार प्रदर्शन किया जा रहा है. इसी कड़ी में जमशेदपुर उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. धरना में जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष तपन महतो ने राज्य सरकार और परीक्षा आयोगों पर तीखा हमला बोला. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि “झारखंड के होनहार युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है. जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में जिस तरह से धांधली और पेपर लीक की बातें सामने आ रही हैं, उससे साफ है कि पूरी व्यवस्था भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है. तपन महतो ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच नहीं कराई और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो यह आंदोलन और उग्र रूप धारण करेगा और पार्टी छात्र-युवाओं के हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी. (नीचे भी पढ़ें)
उनकी मुख्य मांगों में उच्च स्तरीय जांच, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की गई है. धरना-प्रदर्शन के बाद जेएलकेएम के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम जमशेदपुर उपायुक्त को एक मांग पत्र भी सौंपा. इस दौरान भारी संख्या में छात्र, अभ्यर्थी और जेएलकेएम के स्थानीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे.




