जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर द्वारा रविवार 20 सितंबर को एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर ब्लड बैंक में सुबह 09 बजे से शाम 05 बजे तक आयोजित होगा. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को सामाजिक सेवा के प्रति प्रेरित करना और स्थानीय अस्पतालों व ब्लड बैंक में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना है. भाजयुमो की ओर से इस रक्तदान शिविर को खास बनाते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश भी जोड़ा गया है. शिविर में रक्तदान करने वाले प्रत्येक रक्तदाता को उपहार स्वरूप एक हेलमेट और टी-शर्ट प्रदान किया जाएगा. संगठन का मानना है कि जीवन बचाने के लिए रक्तदान जितना जरूरी है, उतना ही खुद की सुरक्षा के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना भी आवश्यक है. (नीचे भी पढ़ें)
भाजयुमो जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष (पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष, कोल्हान विश्वविद्यालय) नितिश कुशवाहा ने शहर के युवाओं, आम नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से इस मानव सेवा के महादान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई महादान नहीं है. हमारा एक छोटा सा प्रयास किसी गंभीर मरीज को नया जीवन दे सकता है. ‘सेवा ही संगठन’ के मूल मंत्र के साथ भाजयुमो लगातार जनहित के कार्यों में तत्पर रहा है. जिलाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि समयाभाव के कारण सभी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और शहरवासियों को व्यक्तिगत रूप से फोन कर आमंत्रित करना संभव नहीं हो सका है. इसलिए इसे ही व्यक्तिगत निमंत्रण स्वीकार करते हुए सभी शहरवासी रविवार को बिष्टुपुर ब्लड बैंक पहुंचकर इस सेवा अभियान को सफल बनाएं.




