जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाईटी की ओर से रक्तदान अभियान के तहत रविवार को दो स्थानो पर एक साथ रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इनमें साकची रेड क्रॉस भवन में छत्तीसगढ़ी एकता साहू परिवार के संयोजन में, जबकि बर्मामाइंस शिवमंदिर देवस्थान में स्व अमित कुमार सिंह की तीसरी पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का आयोजन शामिल रहे, इन दोनों शिविरों में कुल 210 यूनिट रक्त एकत्र हुआ. पीड़ित मानवता की सेवा के लिए आयोजित रक्तदान में दोनों संस्थानों से जुड़े पदाधिकारियों ने अपने परिजनों, मित्रों का उत्साह बढाकर इस महत्वपूर्ण आयोजन में रक्तदाता के रूप में उन्हें शामिल किया. (नीचे भी पढ़ें)

इन शिविरों में रक्त दाताओं के उत्साहवर्धन के लिए जहां केन्द्र सरकार में पूर्व मंत्री व झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक पूर्णिमा दास, पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी, समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले, समाजसेवी अजय सिंह, रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह व अनेक गणमान्य शिविर में शामिल हुए. इसी क्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि आगामी 8 जुलाई को रेड क्रॉस भवन में स्वतंत्रता सेनानी स्व एनके घोष की स्मृति में रेड क्रॉस के वाइस पेट्रॉन डीके घोष के संयोजन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने इस अवसर पर अधिक से अधिक रक्तदाताओं से शिविर में शामिल होकर रक्तदान करने का आग्रह किया है. (नीचे भी पढ़ें)

द्रौपदी देवी-चिमनलाल भालोटिया की स्मृति में नेत्रदान शिविर 11 से 14 जुलाई तक
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला रेड क्रॉस सोसाइटी व राम मनोहर लोहिया नेत्रालय की ओर से आगामी 11 जुलाई से 14 जुलाई तक स्व द्रौपदी देवी-चिमनलाल भालोटिया की पुण्य स्मृति में 775वां नेत्रदान शिविर आयोजित किया जाएगा. बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में नेत्र रोगियों की आंखों की जांच 12 जुलाई को की जाएगी, जिसमें मोतियाबिन्द ग्रस्त नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण के लिए चयन किया जाएगा. 13 जुलाई को नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, डॉ भारती शर्मा, डॉ पूनम सिंह, डॉ. विवेक केडिया, डॉ. राशि वर्मा एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया जाएगा. सोमवार 14 जुलाई को नेत्र रोगियों की आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच के पश्चात उन्हें विदा किया जाएगा. शिविर का संयोजन द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा.











