जमशेदपुर: जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने गुरुवार देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से तीन गाय बरामद की हैं. कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि बोलेरो (ओआर09क्यू-3887) में मवेशियों का परिवहन किया जा रहा है. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस ने पुड़ीसिल्ली क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही चालक तेज रफ्तार से वाहन लेकर कपाली की ओर भाग निकला. पुलिस ने वाहन का पीछा किया. (नीचे भी पढ़ें)
पीछा किए जाने के दौरान चालक हासमी मोहल्ला में बोलेरो छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. वाहन की तलाशी लेने पर उसमें तीन गाय बरामद हुईं. पुलिस ने मवेशियों को सुरक्षित कब्जे में लेते हुए बोलेरो को जब्त कर लिया. कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि चालक की गिरफ्तारी के बाद विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है.






