गालूडीह: गालूडीह क्षेत्र के दारिसाई स्थित नवकुंज मंदिर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की पारंपरिक रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई. रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और जय जगन्नाथ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया. रथ यात्रा नवकुंज मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए दारिसाई स्थित मौसी बाड़ी पहुंची, जहां भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना की गई. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर संजय मुखर्जी एवं सुखदेव दास ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. रथ यात्रा के दौरान ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ रथ को खींचकर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया. आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया.















