सरायकेला: सरायकेला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर कपाली ओपी पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जहां गांजा तस्करी मामले में विगत पांच वर्षों से फरार चल रहे नामजद अभियुक्त मोहम्मद अकरम उर्फ अकरम खान को गिरफ्तार कर पुलिस ने शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने अकरम के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस ने मोहम्मद अकरम को तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्य के आधार पर पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला थाना अंतर्गत फूलपाल गांव से गिरफ्तार किया है.(नीचे भी पढ़े)
वहीं इस कांड के अन्य अभियुक्त इनोवा गाड़ी के मालिक चिन्मया पांडा की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी की जा रही है. मालूम हो कि चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी कांड संख्या 139/ 2020 मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिक अभियुक्त शाहरुख खान को 12 दिसंबर 2020, मोहम्मद सिकंदर को 7 सितंबर 2020 को, शेख असगर और मोहम्मद फिरोज को 21 जुलाई 2020 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. जबकि तस्करी में प्रयुक्त इनोवा कार संख्या ओआर 02बीए- 3366 के मालिक चिन्मया पांडा एवं चालक अकरम फरार चल रहा था. छापेमारी दल में कपाली ओपी प्रभारी सोनू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सह अनुसंधानकर्ता कौशल कुमार, हीरालाल मुंडू एवं कपाली ओपी के सशस्त्र बल शामिल थे.











