जमशेदपुर : जमशेदपुर से कपाली ओपी पुलिस ने अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में की गयी पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध 7.65 एमएम पिस्टल, जिस पर यूएसए अंकित है, तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान कपाली क्षेत्र के हाशमी मोहल्ला निवासी शेख इरफान के रूप में हुई है. आरोपी की उम्र लगभग 19 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, युवक पिछले कुछ दिनों से अवैध पिस्टल के साथ वीडियो रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की मंशा रंगदारी वसूलने की थी. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी किसके इशारे पर इस तरह की आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था और उसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने कपाली पुलिस की सख्त कार्रवाई की सराहना की है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा.







