जमशेदपुर:ब्राह्मण युवा शक्ति संघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं संस्थापक समिति की महत्वपूर्ण बैठक बिरसानगर स्थित पंडित कमलकिशोर के आवासीय कार्यालय में आयोजित की गई.
बैठक में संगठन के विस्तार, सामाजिक एकजुटता, आगामी कार्यक्रमों तथा जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. बैठक में निर्णय लिया गया कि संघ के प्रत्येक नियुक्त पदाधिकारी अपने साथ एक सहयोगी को संगठन में शामिल करेंगे, वहीं संस्थापक समिति के सदस्य भी अपने-अपने स्तर पर एक-एक मनोनीत पदाधिकारी को जोड़कर संगठन की एक विस्तृत एवं मजबूत जम्बो टीम तैयार करेंगे. इसका उद्देश्य संगठन को अधिक व्यापक बनाना और समाज के अधिक से अधिक लोगों को जिम्मेदारी के साथ जोड़ना है.बैठक में आगामी 25 अक्टूबर 2026 दिन रविवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया. इस अवसर पर निर्वाचित एवं मनोनीत पदाधिकारी संगठन, समाज और अपने दायित्वों के प्रति निष्ठा एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने की शपथ लेंगे.(नीचे भी पढ़े)

बैठक में ब्राह्मण समाज को जमीनी स्तर पर एकजुट करने के लिए थाना स्तर तक मंडल कमिटियों के गठन का निर्णय लिया गया. संगठन का मानना है कि समाज की वास्तविक समस्याओं और जरूरतों को समझने के लिए मजबूत स्थानीय संरचना आवश्यक है. इसी उद्देश्य से प्रत्येक क्षेत्र में समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने की प्रक्रिया तेज की जाएगी.इसके साथ ही समाज की सामाजिक जरूरतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष कमिटी गठित करने का भी निर्णय लिया गया. यह कमिटी समाज के जरूरतमंद परिवारों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सहयोग तथा अन्य आवश्यक विषयों पर कार्य करेगी.बैठक में कमलकिशोर ने उपस्थित पदाधिकारियों को संगठन की मूल भावना एवं समाजहित में कार्य करने का मूल मंत्र दिया. उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति पदों में नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता, सेवा भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी में होती है. .(नीचे भी पढ़े)
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि संगठन को केवल नाम और पद तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि हर स्तर पर समाज के बीच जाकर काम किया जाएगा. समाज की एकजुटता, सामाजिक सम्मान और जरूरतमंदों की सहायता को प्राथमिकता देते हुए संगठन को मजबूत किया जाएगा.बैठक में मुख्य रूप से निर्वाचित जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, अभय पांडेय, पवन उपाध्याय, निर्मल दीक्षित, अप्पू तिवारी, अभिषेक ओझा, संतोष जोशी, अरुण शुक्ला, रणजीत झा, राकेश उपाध्याय, मुन्ना चौबे एवं हृतिक चौबे सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे. बैठक के अंत में पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि “संगठन मजबूत होगा तो समाज मजबूत होगा और समाज की एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत होगी.”




