जमशेदपुर : जमशेदपुर के ब्रह्मर्षि विकास मंच द्वारा गठित चुनाव संचालन समिति द्वारा नई समिति की घोषणा आगामी 18 जनवरी को की जाएगी. यह जानकारी संयोजक, चुनाव संचालन समिति, ब्रह्मर्षि विकास मंच, जमशेदपुर के सुरेन्द्र शर्मा ने यहां जारी विज्ञप्ति में दी. उन्होंने बताया कि चुनाव संचालन समिति के द्वारा नाम वापसी के बाद विभिन्न समितियों के साथ रायशुमारी की जा रही है. अभी तक कई समितियों की रायशुमारी की जा चुकी है. लोग खुलकर अपने अपने विचार से समाज हित में कार्य कर सकने वाले प्रत्याशी के नाम पर अपनी सहमति दे रहे हैं. जिन प्रत्याशी के नाम पर सबसे ज्यादा सहमति बनेगी उनके नामों की घोषणा चुनाव संचालन समिति आगामी 18 जनवरी दिन रविवार प्रातः 11:00 बजे जमशेदपुर के टेल्को स्थित लक्ष्मीनगर स्थित दीनदयाल भवन में की जाएगी. पूरी रायशुमारी चुनाव संचालन समिति के संयोजक सुरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में हरेंद्र पाण्डेय, प्रभाकर सिंह, रमेश कुमार और देवप्रसाद जी के द्वारा किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

दूसरी ओर, ब्रह्मर्षि विकास मंच जमशेदपुर के प्रस्तावित चुनाव को लेकर संगठन के भीतर असंतोष गहराता जा रहा है. चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची के निर्धारण और मतदान पद्धति को लेकर मंच के अध्यक्ष विकास सिंह और महासचिव अनिल ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों सदस्यों ने सवाल खड़े करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा. एसडीओ ने ज्ञापन सौंपने आए सभी प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और मंच के रजिस्ट्रेशन की मूल प्रति तथा बायलॉज (संविधान) का भी अध्ययन किया. मंच के सदस्यों ने दस्तावेजों के हवाले से बताया कि चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराए जाने का प्रस्ताव तो है, लेकिन मतदाता सूची के सत्यापन और सदस्यों की पात्रता को लेकर अब तक कोई स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है. मंच की ओर से एसडीओ के समक्ष आरोप लगाया गया कि निर्धारित नियमों के अनुरूप न तो मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया और न ही आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया का पालन हुआ. इससे चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

आपत्ति दर्ज कराने वालों का कहना है कि संगठन के संविधान और पूर्व में अपनाई गई प्रक्रियाओं के अनुसार ही चुनाव कराया जाना चाहिए. मतदाता सूची में नाम जोड़ने-घटाने, क्षेत्रीय इकाइयों के प्रतिनिधित्व के साथ-साथ महिला एवं युवा इकाइयों की भागीदारी को लेकर भी प्रश्न उठाए गए हैं. मंच ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, अद्यतन एवं सत्यापित मतदाता सूची के प्रकाशन तथा सभी आपत्तियों के निराकरण के बाद ही चुनाव कराया जाए. वहीं, संगठन नेतृत्व की ओर से यह कहा गया है कि सभी शिकायतों पर नियमसम्मत तरीके से विचार किया जाएगा. अनुमंडल पदाधिकारी से मुलाकात के बाद मंच के अध्यक्ष और महासचिव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से उन्होंने और उनकी टीम ने आगे बढ़कर चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया, लेकिन दूसरे गुट की मंशा पर संदेह है. उनका आरोप है कि सहमति के नाम पर एक नाम थोपने की कोशिश की जा रही है, जो मंच को स्वीकार नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने स्पष्ट किया कि मंच समाज का है और उसके नाम का दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि दूसरा गुट भी बैलेट के माध्यम से निष्पक्ष चुनाव में आता है तो मंच को कोई आपत्ति नहीं है. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2022 की आम सभा में प्रस्ताव पारित हुआ था कि मतदान का अधिकार प्रत्येक क्षेत्रीय महिला एवं युवा इकाई के अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष को होगा. मंच के नेताओं ने कहा कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष हों, किसी पूर्वाग्रह से ग्रसित व्यक्ति को प्राथमिकता न दी जाए और न ही किसी विशेष वर्ग को अनुचित लाभ मिले. अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उन्हें उनके स्तर से न्याय मिलेगा. एसडीओ के यहां ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष विकास सिंह, महासचिव अनिल ठाकुर, संस्थापक महासचिव राज किशोर सिंह, उदय प्रसाद सिंह, प्रत्याशी पवन कुमार, सत्येंद्र सिंह, विकास चंद्र, मिथिलेश चौधरी, अजय सिंह, धनंजय राय, दीपू सिंह, कौशल सिंह, जयकुमार सिंह, शशि कुमार, रवि नंदन कुमार सिंह सहित कई अन्य सदस्य शामिल थे. फिलहाल, चुनाव प्रक्रिया को लेकर जारी यह विवाद ब्रह्मर्षि विकास मंच जमशेदपुर की आंतरिक राजनीति को गरमा रहा है और आने वाले दिनों में इस पर होने वाला निर्णय संगठन की आगे की दिशा तय किया जाएगा.











