जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में ब्रेन मलेरिया से पीड़ित छह वर्षीय एक और बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई. सरायकेला जिले के गोपालपुर निवासी राहुल जामूदा पिछले सात दिनों से अस्पताल की पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआइसीयू) में भर्ती था. हालत गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखकर चिकित्सकों की निगरानी में इलाज किया जा रहा था. मंगलवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. एमजीएम अस्पताल के शिशु रोग विभाग के एचओडी डॉ. केके चौधरी ने बताया कि राहुल ब्रेन मलेरिया से पीड़ित था. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए 21 अक्टूबर से ही उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था. (नीचे भी पढ़ें)
डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी सेहत पर नजर रख रही थी और उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा था, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. परिजनों के अनुसार, बच्चे को तेज बुखार, सिरदर्द, उल्टी समेत कई अन्य परेशानियां थीं. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया. चिकित्सकों ने आवश्यक जांच कराई, जिसमें ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई. बीमारी की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल पीआइसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया. शिशु रोग विभाग के वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम लगातार बच्चे के उपचार में जुटी थी. इसके बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और मंगलवार को उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है.












