जमशेदपुर : कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) कोल्हान की ओर से “एआई अपनाओ – व्यापार बढ़ाओ” विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन मंगलवार 19 अगस्त को साकची स्थित केनेलाइट होटल के बॉल रूम में किया जाएगा. कार्यक्रम शाम 4:45 बजे से प्रारंभ होगा. कार्यक्रम में मुख्य रूप से कैट के चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल उपस्थित रहेंगे. कार्यशाला का उद्देश्य छोटे एवं मध्यम व्यापारियों (एमएसएमई) को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे नवीनतम साधनों से जोड़ना है. इसमें एक्सएलआरआई के वरिष्ठ मार्केटिंग विशेषज्ञ डॉ. संजीव वार्ष्णे तथा प्रौद्योगिकी एवं एआई विशेषज्ञ डॉ. हर्षित सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे. वे बताएंगे कि किस प्रकार एमएसएमई व्यापारी एआई टूल्स के माध्यम से मार्केटिंग और ब्रांडिंग को मजबूत कर सकते हैं, ग्राहकों तक पहुंच और नए बाजारों में पैठ बना सकते हैं, अनुसंधान एवं विश्लेषण को सरल बना सकते हैं और मौजूदा चुनौतियों का समाधान कर सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को बिष्टुपुर में कैट कोल्हान की बैठक संपन्न हुई. बैठक में सभी सदस्यों ने अपने विचार साझा किए. इसमें प्रमुख रूप से कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोनथालिया, कोल्हान संगठन मंत्री किशोर गोलछा, भरत वसानी, मुकेश मित्तल, सांवरमल शर्मा, दिलीप गोलछा, विश्वनाथ शर्मा, महेश सोनथालिया, सत्यनारायण अग्रवाल (मुन्ना), बिठ्ठल अग्रवाल, पवन शर्मा, जेडीए के दिलीप गोयल, आकाश शाह, आनंद चौधरी, अरुण सोनथालिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे. कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती तथा जमशेदपुर डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन प्रमुख सहयोगी संस्थाओं के रूप में शामिल होंगी. कोल्हान संगठन मंत्री किशोर गोलछा ने कहा कि “आज के प्रतिस्पर्धी समय में व्यापार को नई तकनीक और एआई टूल्स से जोड़ना आवश्यक है. इससे छोटे एवं मध्यम व्यापारी अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं.”











