
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत तिस्ता रोड में चार लोगों की हत्या के मामले में फरार आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और उसे फांसी देने की मांग को लेकर जमशेदपुर टाइगर्स क्लब की ओर से गुरुवार को कैंडल मार्च निकाला गया. यह कैंडल मार्च कदमा के रंकिणी मंदिर के पास से निकला. इस दौरान मृतका ट्यूशन टीचर के भाई तन्मय घोष ने बताया कि उनकी बहन एक ट्यूशन टीचर थी. इस मामले में हत्यारे दीपक को पुलिस गिरफ्तार कर फांसी दे, ताकि भविष्य में कोई भी किसी टीचर को मारने से पहले बार-बार सोचे. रिंकी घोष की हत्या समाज के लिए एक बुरा संदेश है. उन्हें पुलिस पर पूरा भरोसा है कि पुलिस जल्द ही रिंकी के हत्यारे को गिरफ्तार कर लेगी. कैंडल मार्च में क्लब के अध्य्क्ष मनोज भगत, तन्मय घोष, राजू मल्लिक, आलोक मुन्ना, राजा कुमार, ओम शर्मा, नीरज सिंह, विवेक शर्मा, अभिषेक भगत, श्याम, विशाल सिंह, सौरभ सिंह, सर्वेश रंजन समेत कई सदस्य शामिल थे.






