जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के द्वारा चैम्बर सदस्यों के लिए होली के शुभ अवसर पर रविवार, 16 मार्च की संध्या 7:30 बजे से नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल परिसर में पारिवारिक ‘होली मिलन समारोह’ का आयोजन किया जा रहा है. उक्त जानकारी मानद महासचिव मानव केडिया ने दी. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि चैम्बर प्रत्येक वर्ष अपने सदस्यों एवं उनके परिवार के सदस्यों के मनोरंजन के लिए होली मिलन समारोह का आयोजन चैम्बर भवन में करता रहा है. किन्तु विगत दो-तीन वर्षों में चैम्बर सदस्यों की चैम्बर के कार्यक्रमों में बढ़ती सहभागिता और भागीदारी तथा चैम्बर सदस्यों की लगातार बढ़ती संख्या के मद्देनजर होली मिलन समारोह का आयोजन चैम्बर से बाहर किसी बड़े स्थान पर करने की परंपरा शुरू की गई है, जिससे चैम्बर सदस्य एवं उनके परिवार जन ज्यादा अच्छी तरह होली मिलन समारोह का आनंद ले सकें. (नीचे भी पढ़ें)
इसी के मद्देनजर इस वर्ष इसका आयोजन नरभेराम हंसराज इंगलिश स्कूल, बिष्टुपुर में किया गया है. उपाध्यक्ष जनसंपर्क एवं कल्याण अभिषेक अग्रवाल गोल्डी एवं सचिव सुरेश शर्मा लिपु ने कहा कि इस बार होली मिलन समारोह भव्य रूप में आयोजित हो रहा है, जिसमें सदस्यों व उनके परिजनों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी शामिल किया गया है. इस अवसर पर उनके लिए स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था भी की जाएगी.



