जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने सोनारी डिस्पेंसरी रोड स्थित वर्धमान ज्वेलर्स में बुधवार, 3 सितंबर को दिनदहाड़े सरेआम हुई लूट के बाद आज बिष्टुपुर में व्यवसायी साकेत आगीवाल से नकद 30 लाख रूपये की लूट के मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखण्ड के पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता से दूरभाष पर बात कर एक के बाद एक जमशेदपुर में घटी इन दो बड़ी घटनाओं से शहर के व्यापारियों के बीच फैली दहशत एवं भय के माहौल से अवगत कराया. यह जानकारी मानद महासचिव मानव केडिया ने दी. (नीचे भी पढ़ें)
बिष्टुपुर में घटित लूटकांड की जानकारी मिलने पर चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने बड़ी संख्या में घटना स्थल पर पहुंचकर लूटकांड की जानकारी ली. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि शहर के दो पॉश इलाकों में 24 घंटे के अंदर ऐसे घटी घटनाएं वाकई व्यापारियों में डर पैदा करनेवाला है. एक ओर सोनारी के भीड़भाड़ वाले डिस्पेंसरी रोड स्थित वर्द्धमान ज्वेलर्स के मालिक को घायल कर जेवरात की लूट एवं दूसरी ओर बिष्टुपुर जैसे व्यावसायिक इलाके पैसे बैंक में जमा कराने जा रहे एक व्यवसायी साकेत आगीवाल की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर 30 लाख रूपये की बैग छिनतई विधि व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. उन्होंने कहा कि इन दोनों घटनाओं की टाइमिंग लगभग एक ही है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि व्यापारियों को व्यापार में सुरक्षात्मक वातावरण नहीं मिले तो उनके लिए व्यापार चलाना मुश्किल हो जाएगा. और ऐसे माहौल में कोई नया निवेश करने से कतराएगा. इसलिए सरकार को इस ओर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. अध्यक्ष ने पुलिस महानिदेशक से अनुरोध किया वे इन वारदातों में संलिप्त अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए उचित कार्रवाई हो एवं लूटे गये ज्वेलरी एवं नकद की रिकवरी हो इसकी भी कोशिश होनी चाहिए. तथा पुलिस की ओर से ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए कि अपराधियों में भय का माहौल उत्पन्न हो तथा अपराधी इस तरह की घटना की पुनरावृति न कर पाएँ, तभी व्यापारियों एवं आम जनता का विश्वास सरकार और पुलिस के प्रति दृढ़ होगा. चैम्बर के अन्य पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपू एवं कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया ने भी दोनों घटनाओं की निंदा करते हुए पुलिस से इस पर सख्त कदम उठाने का आग्रह किया .













