जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में मारपीट का एक मामला सामने आया है. घटना बिरसानगर जोन नंबर-2 स्थित डुमरी टोला के पास की है, जहां कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री आवास योजना की निर्माणाधीन इमारत से गिरकर जान गंवाने वाले 12 वर्षीय सचिन मुर्मू के पिता के साथ विवाद हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, सचिन मुर्मू के पिता अपने बेटे की शोकसभा के लिए समाज के लोगों को आमंत्रित करने निकले थे. इसी दौरान जब वे वाहन पर बैठने जा रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से उनकी कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. मारपीट में सचिन मुर्मू के पिता घायल हो गए. उनके शरीर पर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए लक्ष्मी नर्सिंग होम ले जाया गया. फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, दूसरे पक्ष के लोग भी बिरसानगर थाना पहुंचे और उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सचिन मुर्मू के पिता ने उन पर हमला किया, जिसके बाद उन्होंने जवाबी कार्रवाई की. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले 12 वर्षीय सचिन मुर्मू की प्रधानमंत्री आवास योजना की निर्माणाधीन बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई थी. परिजनों ने आरोप लगाया था कि बच्चे को धक्का देकर नीचे गिराया गया था. इस मामले में बिरसानगर थाना में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल मारपीट की इस घटना में भी दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.




