जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान गणेश पात्रो के रूप में हुई है. घायल किशोर निखिल साहू का इलाज जारी है. हादसा किन परिस्थितियों में और किस स्थान पर हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गणेश पात्रो और निखिल साहू बाइक पर सवार थे. इसी दौरान दोनों सड़क हादसे का शिकार हो गए. हादसे के बाद दोनों को इलाज के लिए ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां गणेश की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया. टीएमएच पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के बाद गणेश पात्रो को मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, हादसे में निखिल साहू भी गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसके एक हाथ में गंभीर फ्रैक्चर बताया जा रहा है. अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. इधर, गणेश पात्रो के परिजन शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराना चाहते हैं. दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमॉर्टम आवश्यक है और इसके बिना शव परिजनों को सौंपना संभव नहीं है. इसे लेकर आवश्यक प्रक्रिया जारी है. फिलहाल कदमा थाना पुलिस हादसे की जांच कर रही है. पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों और घटनास्थल की जानकारी जुटा रही है.




