जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह के हलुदबनी क्षेत्र में मच्छरों से राहत दिलाने के लिए पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने एक सराहनीय पहल की है. बरसात के इस मौसम में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पूर्व जिप उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने शुक्रवार को हलुदबनी पंचायत से एंटी लार्वा छिड़काव अभियान की शुरुआत की. खास बात यह है कि इस अभियान का पूरा खर्च उन्होंने अपने निजी कोष से वहन किया है. राजकुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल-जमाव की समस्या गंभीर है, जिससे मच्छर तेजी से पनप रहे हैं. इसे देखते हुए पूरे बरसात भर हलुदबनी के सभी पंचायतों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा. इसके लिए करीब आधा दर्जन मजदूरों की टीम तैनात की गयी है, जो गांव-गांव जाकर यह कार्य कर रही है. इससे पहले भी फोगिंग के माध्यम से ग्रामीणों को काफी राहत पहुंचाई गयी है. राजकुमार सिंह स्वयं क्षेत्र का दौरा कर छिड़काव कार्य की निगरानी भी कर रहे हैं. उनका उद्देश्य है कि ग्रामीणों को मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके.














