जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर परिसर में संचालित अन्ना किचन में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्राहक के डोसे में कथित तौर पर कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया. जानकारी के अनुसार, ग्राहक भोजन कर रहा था, तभी उसकी नजर दोसे में मौजूद कथित कॉकरोच पर पड़ी. इसके बाद उसने तुरंत खाना बंद कर दिया और रेस्टोरेंट प्रबंधन से इसकी शिकायत की. घटना की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद अन्य ग्राहकों में भी नाराजगी देखने को मिली. (नीचे भी पढ़ें)
लोगों ने रेस्टोरेंट की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की. मामले पर अन्ना किचन के संचालक राजू भाई ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए स्वीकार किया कि “गलती हो गई है.” उन्होंने इस चूक पर खेद जताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए रसोई की स्वच्छता और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामले की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग से की गई है या नहीं. यदि शिकायत दर्ज होती है, तो संबंधित विभाग द्वारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है.




