
जमशेदपुर : भाई-बहन के अटूट प्रेम व स्नेह के पर्व रक्षाबंधन पर कलाई में राखी बांधने का विशेष महत्व है. रक्षाबंधन को देखते हुए त्योहार के पहले से ही दुकानें सज गयी हैं. वहीं रंग-बिरंगी आकर्षक राखियों से बाजार पट गया है. बाजार में 5 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं. पहले की अपेक्षा बाजारों में कोरोना महामारी को देखते हुए कम दामों की राखियां खरीदी जा रही हैं.

गौरतलब है कि इस वर्ष 22 अगस्त (रविवार) को राखी का पर्व मनाया जायेगा. महिलाओं द्वारा रेशमी, डोरी, डायमंड फैशनेबल राखियां ज्यादा पसंद की जा रही हैं, जिसकी कीमत 40 रुपये से अधिक है. वहीं बच्चों के लिए अलग-अलग कॉर्टून कैरेक्टर की राखियां बाजार में मिल रही है. इस बार कॉर्टून कैरेक्टर पर बाजारों में बहुत सारी राखियां उपलब्ध हैं, जिसमें छोटे बच्चों के पसंदीदा कॉर्टून कैरेक्टर में डोरेमोन, मोटू पतलू, मिकी माउस, छोटा भीम, सिनचेन और लिटिल सिंघम राखियां शामिल हैं. इसके साथ ही बच्चों के दोस्त क्यूट गणेश और कृष्णा राखी भी स्पेशली बच्चों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. ये राखियां बेहद आकर्षक हैं. इन राखियों को देखते ही छोटे बच्चे के चेहरे पर बड़ी सी स्माइल आ जाती है. वहीं बेहद छोटे बच्चों में यूविकॉर्न राखी भी काफी लोकप्रिय है. बाजार में सोना-चांदी व अमेरिकन डायमंड वाली राखी भी उपलब्ध है.



