
जमशेदपुर: टाटा स्टील प्रबंधन और यूनियन के बीच भले ही पिछले दिनों 5 सौ निबंधित श्रमिक पुत्रों की बहाली के मुद्दे पर सहमति बन गयी है, लेकिन पिछले कई सालों से नौकरी को लेकर आंदोलित निबंधित पुत्रों ने प्रबंधन और यूनियन के बीच हुए समझौते को सिरे से खारिज करते हुए उम्र सीमा 42 से 44 करने की मांग को लेकर अपना आंदोलन तेज कर दिया है. सोमवार को इनकी मांगों के समर्थन में कांग्रेसी नेता मुन्ना शर्मा टाटा वर्कर्स यूनियन गेट पर पहुंचे. जहां उन्होंने आंदोलित निबंधित श्रमिक पुत्रों का समर्थन करते हुए कंपनी प्रबंधन से इनकी मांगों पर विचार करने की अपील की. श्री शर्मा ने कम्पनी प्रबंधन और वर्तमान यूनियन से आंदोलन कर रहे निबंधित श्रमिक पुत्रों के मुद्दे पर फिर से विचार करने और बैठक में इन्हें भी साथ रखकर निर्णय लेने की मांग की. वहीं मुन्ना शर्मा ने आंदोलित निबंधित श्रमिक पुत्रों को हर स्तर से सहयोग करने का भरोसा दिलाया.













