जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पास रहने वाले आलू कारोबारी मोती लाल यादव ने थाना की कार्यशैली से नाराज होकर एसएसपी से लिखित शिकायत की है. शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि 21 फरवरी की शाम उनके और उनके बेटे के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई के बजाय समझौता कराने का दबाव बनाया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
मोती लाल यादव के अनुसार विवाद मामूली कहासुनी से शुरू हुआ, लेकिन देखते ही देखते गंभीर झड़प में बदल गया. उनका आरोप है कि करीब 8–10 लोग उनकी दुकान में पहुंचे और चापड़ व मुक्कों से हमला कर दिया. हमले में उनके बेटे सुभम यादव को गंभीर चोटें आईं. बताया गया कि सुभम का सिर फट गया, दाहिना हाथ चापड़ से कट गया और कुछ दांत भी टूट गए. घटना के तुरंत बाद परिजनों ने सुभम यादव को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज कराया गया. इसके बाद थाना में लिखित शिकायत दी गई. मोती लाल यादव का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया और मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़ित कारोबारी ने यह भी आरोप लगाया कि अब आरोपी गुट बनाकर उनके घर और दुकान की रेकी कर रहे हैं. उनके पास धारदार हथियार और पिस्टल होने की सूचना मिली है, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है. भय के कारण दुकान खोलना और सामान्य जीवन जीना मुश्किल हो गया है. मंगलवार को पीड़ित परिवार एसएसपी कार्यालय पहुंचा और न्याय की मांग करते हुए शिकायत पत्र सौंपा. मोती लाल यादव ने कहा कि पुलिस की शिथिलता के कारण उनकी और परिवार की जान को गंभीर खतरा बना हुआ है. मामले में पुलिस अधिकारियों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है.




