
जमशेदपुर : जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ एम तमिल वाणन के खिलाफ राज्य के मंत्री बन्ना गुप्ता के ही कार्यकर्ताओं ने मिलकर आंदोलन शुरू कर दिया है. राज्य सरकार में स्वास्थ्य मंत्रालय जैसे प्रभार संभालने वाले बन्ना गुप्ता के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मिलकर कांग्रेस के कदमा प्रखंड बबुआ झा के नेतृत्व में जमशेदपुर के एसएसपी का पुतला दहन किया. इन लोगों ने कदमा थाना के सामने के चौक पर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और जमशेदपुर के एसएसपी के खिलाफ जमकर बवाल काटा और पुतला दहन किया. इन लोगों ने आरोप लगाया कि जमशेदपुर के एसएसपी के नेतृत्व में अपराध लगातार बढ़ रहा है और अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है जबकि निर्दोष लोगों के ऊपर अत्याचार हो रहा है. कांग्रेसियों ने इस मुद्दे पर आर या पार की लड़ाई की घोषणा कर दी है.
सरकार में शामिल पार्टी और सरकार में मंत्रीपद संभालने वाले व्यक्ति के करीबियों को सरकार के खिलाफ ही आंदोलन करता देख, खुद आम नागरिक भी हतप्रभ थे कि आखिर यह कैसी राजनीति चल रही है. अब इस मसले को लेकर सरकार पर ही सवाल उठने लगा है कि आखिर सरकार क्या खुद अपने ही खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर है. कांग्रेस खुद इसको लेकर सवालों के घेरे में है. इस दौरान थाना के बाहर कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी एसएसपी मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए नजर आए. कांग्रेस नेता और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के प्रतिनिधि बबलू खान ने बताया कि शहर में आए दिन अपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही है.
जिले की कमान एसएसपी एम तमिल वाणन के पास है, वे शहर में बढ़ते अपराध को रोक नहीं पा रहे है, शहर में अपराधी बेतरतीब तरीके से अपराध कर रहे है. इसलिए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के दिशा निर्देश पर एसएसपी का पुतला दहन किया जा रहा है. मौके पर बबलू खान, बबुआ झा, मनोज झा, मो माजिद, रत्नेश सिंह, रांची से आए समसुल होदा अंसारी के अलावा कई संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.





