
जमशेदपुर : एआईसीसी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरॉव, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता एवं पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बिजय खॉ के निर्देशानुसार पार्टी के जिला उपाध्यक्ष बब्लू झा ने कहा कि आज ही के दिन 08 नवंबर 2016 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एकाएक नोटबंदी की घोषणा करके सम्पूर्ण भारत की जनता को दहशत में डालकर देश की अर्थव्यवस्था को रातों-रात तबाह कर दिया था। असंगठित क्षेत्र के मजदूरों का रोजगार छिन गया था। व्यवसाय ठप पड़ गये थे। न जाने कितने शादी-विवाह टूट गये। बैंकों में दिन रात लाईन लगने लगी थी। नोटबंदी के कारण एक सौ से अधिक लोगों की जान चली गई थी। नोटबंदी का निर्णय लेना मोदी जी का गलत कदम था, जिसके मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने आज विश्वासघात दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। बब्लू झा ने कहा कि सैकड़ों लोग लाइन में इंतजार करते हुए मर गए, लाखों छोटे और मझोले कारोबार बंद हो गए, करोड़ों बेरोजगार हो गए। केंद्र की भाजपा सरकार ने काला धन को समाप्त करने, आतंकवाद और नक्सलवाद को खत्म करने, कैशलेस इंडियन इकोनामी को बढ़ावा देने के नाम पर 500 और 1000 रुपए के नोट को अमान्य कर दिया। इसे अर्थशास्त्री एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने इसे असंगठित लूट बताया था। दो हजार का नोट छापना किसी काम का नही रहा। बाजार में आम व्यक्ति दो हजार के छुट्टे के लिए परेशान हो जाता है। उन्होंने कहा है कि नोटबंदी के कारण नये नोट छापने के लिए हजारों करोड़ों का राजस्व हानि के लिए जिम्मेदार सिर्फ पीएम मोदी ही है। अब भारत की जनता को कांग्रेस पार्टी पर फिर से भरोसा करने का समय आ गया है।







