
जमशेदपुर : केंद्रीय मुखी समाज मूलवासी झारखण्ड प्रदेश अध्यक्ष बैजू मुखी व कार्यकारी अध्यक्ष हरि मुखी ने दलित आश्रित निबंधित पुत्रों के हक की लड़ाई लड़ रहे पूर्व मंत्री सह झारखण्ड मजदूर यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष दुलाल भुइँया के आंदोलन का समर्थन किया है। बैजू व हरि ने कहा कि पहली बार दलित निबंधित पुत्रों की लड़ाई पूर्व मंत्री दुलाल भुइंया के नेतृत्व में लड़ी जा रही है, जिसका केंद्रीय मुखी समाज समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि दुलाल भुइंया दलितों का मुखर चेहरा हमेशा से रहे हैं, आज जब वे दलितों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं तो कुछ लोगों को हजम नहीं हो रहा है। (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
बैजू-हरि ने निबंधित पुत्र परशुराम सिंह बागी के उस बयान का विरोध किया जिसमें उनके द्वारा कहा गया कि दुलाल भुइंया जब पावर में थे तो कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि दुलाल भुइंया झारखण्ड आंदोलनकारी नेता रहे हैं और हमेशा दलितों की लड़ाई में अपना नेतृत्व प्रदान करते रहें हैं। ज्ञात हो दलित आश्रित निबंधित पुत्रों की सीधी बहाली को लेकर दुलाल भुइंया चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर चुके हैं, जिसके समर्थन में मुखी समाज भी उतर चुका है। इस संदर्भ में रविवार को पूर्व मंत्री दुलाल भुइंया, केंद्रीय मुखी समाज के कार्यकारी अध्यक्ष हरि मुखी के एग्रिको स्थित आवास पहुंचे, जहां आंदोलन की आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान सपन करूवा, शंभु मुखी डूंगरी, चैतन्य मुखी चौसा, कुंज विभार, शशि लोहार, राजू सामंत, गोपाल कर्मकार व अन्य उपस्थित थे।







