
जमशेदपुर : दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों के समर्थन में जमशेदपुर में भी कांग्रेसियों ने आज 3 घंटे तक चक्काजाम कार्यक्रम में हिस्सा लिया और एनएच-33 पर आवागमन पूरी तरह से बाधित कर दिया. कांग्रेसियों ने किसानों द्वारा किए जा रहे देशव्यापी आंदोलन को समर्थन देते हुए केंद्र सरकार से कृषि बिल 2020 को अविलंब वापस लिए जाने की मांग की है. उन्होंने इसे काला कानून बताया और किसानों को हरसंभव समर्थन देने का भरोसा भी दिलाया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान बहारागोड़ा-टाटा-रांची मार्ग पूरी तरह से बंद कराया गया. जहां लंबी दूरी की गाड़ियां जहां-तहां खड़ी रहीं और यात्रियों को इस दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. गौरतलब है कि किसान संगठनों की ओर से आज 3 घंटे का चक्का जाम आहूत किया गया है. इसी कड़ी में भाजपा छोड़ अन्य दल किसानों के समर्थन में चक्का जाम कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं.

गौरतलब है कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता एवं जिला अध्यक्ष बिजय खां के निर्देशानुसार संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 6 फरवरी के राष्ट्रव्यापी चक्का जाम कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला पदाधिकारी एवं मानगो प्रखण्ड कांग्रेस कमिटी के प्रभारी मनोज झा के नेतृत्व में दोपहर 12 बजे से डिमना चौक एनएच पर कांग्रेसजनों ने पहुंच कर चक्का जाम कार्यक्रम को शांति पूर्ण रूप से सफल बनाया. आंदोलन को सफल बनाने में जिला महामंत्री अशोक सिंह, जिला उपाध्यक्ष मौलाना अंसार खान, शफीक अहमद खान, रेयाज खान, अपर्णा गुहा, महिला अध्यक्ष ऊषा यादव, संजय तिवारी, अमरजीत नाथ मिश्रा, नितेश मित्तल, अरविंद रंजक, राहुल कुमार, पवन बिहारी ओझा, जितेन्द्र सिंह, दुर्गा प्रसाद, केके शुक्ला, कमलेश कुमार पाण्डेय, नितेश पोद्दार, साहू जी, अखिलेश सिंह समेत अन्य उपस्थित थे. कांग्रेसजनों ने किसानों के समर्थन में काला कानून वापस करो का नारा लगाया.












