जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मौत के मामले पर कांग्रेस पार्टी ने गहरी चिंता व्यक्त की है. पार्टी ने जिला प्रशासन से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त करने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है. पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने आज शहर की विभिन्न सड़कों एवं प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कई स्थानों पर सड़क के किनारे ट्रेलर, हाइवा एवं अन्य भारी वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े किए जा रहे हैं। ऐसे वाहनों के कारण किसी भी समय गंभीर सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि दिन के समय भी शहर के अंदर ट्रेलर और हाइवा जैसे भारी वाहन बेधड़क आवागमन करते दिखाई देते हैं. वहीं, नो-एंट्री के समय भी बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश करने की शिकायतें सामने आ रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इससे आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है. उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की कि नो-एंट्री के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही, भारी वाहनों के लिए उचित पार्किंग एवं ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क किनारे वाहनों को खड़ा करने की समस्या पर रोक लग सके. उन्होंने कहा कि समस्या केवल जमशेदपुर शहर तक सीमित नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
बहरागोड़ा, चाकुलिया, घाटशिला, पटमदा, पोटका, सुंदरनगर सहित पूर्वी सिंहभूम के विभिन्न क्षेत्रों में भी आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. लगातार हो रहे हादसों के कारण आम लोगों में भय और चिंता का माहौल है. अवधेश कुमार सिंह ने जिला प्रशासन से अपील की कि जिले में ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, प्रमुख सड़कों पर नियमित निगरानी बढ़ाई जाए, भारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग व्यवस्था की जाए तथा नो-एंट्री जोन में प्रवेश करने वाले वाहनों के खिलाफ तत्काल एवं कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा होनी चाहिए.




