जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को बीएड कॉलेज निवासी मुकेश कुमार चौधरी को करीब 11 साल के बाद न्याय मिला. मां के निधन के बाद टाटा एआइजी इंश्योरेंस कंपनी की ओर से इंश्योरेंस की राशि के क्लेम को रिजेक्ट यह कहते हुए कर दिया था, कि पहले से शिकायतकर्ता मुकेश चौधरी की मां लीलावती बीमार थी, इस कारण उनको क्लेम की राशि नहीं दी जा सकती है. जमशेदपुर के उपभोक्ता न्यायालय में सुनवाई के दौरान टाटा एआइजी कंपनी को कहा गया है कि शिकायतकर्ता मुकेश कुमार चौधरी को कंपनी बीमा की दावा राशि 19.50 लाख रुपये 9 फीसदी ब्याज के साथ लौटाये. इसके अलावा मानसिक यातना के लिए 20 हजार रुपये और शारीरिक यातना और खर्चे पर 40 हजार रुपये दें. (नीचे भी पढ़ें )
इस मामले में मुकेश कुमार चौधरी के अधिवक्ता ओमप्रकाश तिवारी लगातार केस लड़ रहे थे. 11 साल से यह केस चल रहा था. बताया जाता है कि करीब 11 साल पहले टेल्को निवासी लीलावती देवी का निधन हो गया था. उनका टाटा एआइजी से इंश्योरेंस था, जो 9.50 लाख रुपये था. अगर बीच में मौत हो जाती है तो इसकी डबल राशि देना था. लेकिन जब लीलावती देवी की मौत हुई और नॉमिनी उनके बेटे मुकेश कुमार चौधरी ने राशि के लिए दावा किया तो दावा को नकार दिया गया और कहा गया कि यह राशि नहीं दी जा सकती है क्योंकि पहले से बीमार थी. इसके बाद मुकेश चौधरी उपभोक्ता न्यायालय की शरण में गये. वे लगातार इसकी लड़ाई लड़ी और 11 साल बाद उनको न्याय मिला. 45 दिनों में टाटा एआइजी कंपनी को कहा गया है कि वे बीमा की राशि 19.50 लाख रुपये 9 फीसदी ब्याज के साथ लौटाये. इसके अलावा हर्जाना के तौर पर अतिरिक्त 60 हजार रुपये का भी भुगतान करें.














