जमशेदपुर : कोरोना वायरस को लेकर जमशेदपुर में हाइ अलर्ट की स्थिति है. झारखंड सरकार के निर्देश के आधार पर जमशेदपुर के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला द्वारा लगातार इसको लेकर अलर्ट किया जा रहा है. इस बीच जिले के सिविल सर्जन डॉ महेश्वरी प्रसाद ने एक गाइडलाइन की कॉपी जारी किया है. इस कॉपी में कहा गया है कि किसी तरह का अफवाह फैलाने वाले लोगों को बख्शा नहीं जायेगा. अब तक किसी भी मरीज में कोरोना वायरस पोजिटिव नहीं पाया गया है.

सतर्कता जरूरी है, लेकिन इस बीमारी को लेकर कोई पीड़ित नहीं मिला है. इसको लेकर हर स्तर पर तैयारी की जा रही है. इसको लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर भी व्यापक इंतजाम किया जा रहा है. हर आने जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है. स्टेशन में मास्क पहनकर यात्रियों को देखा जा रहा है जबकि सभी यात्रियों की चेकिंग भी हो रही है ताकि किसी तरह का संदिग्ध लोग जमशेदपुर में प्रवेश नहीं कर पाये.

दूसरी ओर, साकची बाजार के रिटेल मर्चेंट वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव संदीप बर्मन ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रविवार 22 मार्च को सुबह 7:00 बजे से रात 9:00 बजे तक जनता कर्फ्यू का आवाहन किया गया है. इस संदर्भ में साकची रिटेल मर्चेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा एक मैराथन बैठक का आयोजन कर विचार मंथन किया गया और समाज और राज्य के साथ देश हित में रविवार को साकची बाजार की सभी दुकानों को स्वता बंद रखने पर अपनी सहमति जताई गई. श्री संदीप ने अपील की है कि बाजार में खरीदारी करने के लिए आने वाले सभी ग्राहकों से अनुरोध होगा कृपया उस दिन बाजार के लिए ना निकले. रविवार को साकची बाजार बंद रहेगा. वैसे कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश सोंथालिया ने भी इसका समर्थन किया है और कहा है कि कारोबार उस दिन बंद ही रखा जाये.

दूसरी ओर, नोवल कोरोनावायरस के संक्रमण रोकथाम को लेकर जमशेदपुर के उपायुक्त के निर्देशानुसार पोटका प्रखंड अंतर्गत हाता चौक एवं हल्दीपोखर चौक मे चेकपोस्ट बनाया गया है, जहां अगंतुकों का स्वास्थ्य जांच किया जा रहा है. यह जांच शुक्रवार से शुरू किया गया. अब यहां 24 घंटे प्रतिनियुक्त कर्मियों द्वारा लोगों का स्वास्थ्य जांच किया जायेगा. इसके पूर्व पोटका के बीडीओ कपिल कुमार ने हाता एवं हल्दीपोखर में लगाये गये चेकपोस्ट का निरीक्षण किया. बीडीओ कपिल कुमार ने बताया कि यहां एक पंजी संधारित किया जा रहा है, संदिग्ध मरीज पाने पर उनके हथेली के ऊपरी भाग में एक मोहर लगाई जाएगी एवं इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को दिया जाएगा. यहां जांच के लिए कर्मियों को प्रतिनियुक्ति किया गया है, उनमे हाता चौक में रोजगार सेवक मदन भकत, एमपीडब्लू पोलास मंडल, हरेकृष्ण कैवर्त एवं एएनएम अरूणावाला मिंज तथा अश्विनी बेरा तथा हल्दीपोखर चौक में पंचायत सचिव कमल किशोर मंडल एवं एमपीडब्लू तुषार मंडल, गौतम भकत एवं अंबुज गोप तथा उदयराम मुर्मू को लगाया गया है. प्रखंड स्तर पर भी एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका मोबाईल नंबर 7250970660 है.

नोबल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के मद्देनजर उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार आज से प्रखंड प्रशासन घाटशिला द्वारा अंतर राज्य सीमा स्थित बागोरिया पंचायत के केशवपुर पिकेट में चेक पोस्ट बनाया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी घाटशिला श्री संजय कुमार दास ने बताया कि केशरपुर चेकपोस्ट पर प्रतिनियुक्त प्ररवंड कर्मी 3 पालियों में कार्य कर रहे है तथा निकटवर्ती राज्य से आने वाले आगंतुकों की जांच कर रहे हैं। संक्रमण से बचाव के लिए चेक पोस्ट पर हैंड सैनिटाइजर, सेनेटरी वाइप्स,साबुन इत्यादि उपलब्ध कराया गया है। कोई संदिग्ध व्यक्ति इस दौरान पाया जाता है तो वरिय पदाधिकारी को सूचित किया जाएगा। इसके पूर्व घाटशिला के अंचल अधिकारी श्री रिंकू कुमार ने केशवपुर पिकेट चेक पोस्ट का निरीक्षण किया तथा प्रतिनियुक्त कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस दौरान अंचल अधिकारी ने संधारण पंजी तथा उपलब्ध कराई जाने वाली चिकित्सीय सुरक्षा उपायों का जायजा लिया.

प्रखंड मुख्यालय घाटशिला के कार्यालय में आज से अनावश्यक रूप से बाहरी लोगों का प्रवेश निषेध कर दिया गया है। विशेष परिस्थिति में प्रवेश हेतु सैनिटाइजर, हैंड वाइप्स, साबुन इत्यादि को उपलब्ध कराते हुए कार्यालय के प्रवेश द्वार पर रखा गया है तथा प्रवेश के दौरान व्यक्तियों को हाथ धोकर अंदर जाने की अनुमति है। इस संदर्भ में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि प्रखंड प्रशासन घाटशिला द्वारा हर संभव प्रयास नोबेल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हम सबको अफवाहों से बचने की जरूरत है, ज्यादा से ज्यादा सतर्कता, स्वच्छता ही बचाव का रास्ता है। एतिहात के तौर पर विशेष रूप से साफ-सफाई पर ध्यान दें, भीड़भाड़ वाले स्थानों में जाने से बचे। कोरोना वायरस के प्रति जागरूक रहे, इससे डरने की जरूरत नहीं है।

इधर, कोल्हान विश्वविद्यालय में परीक्षा को रद्द करने और विश्वविद्यालय के काम को ही बंद करने का फैसला लिया जा सकता है. शुक्रवार को कोल्हान विश्वविद्यालय के सिंडिकेट सदस्य अमिताभ सेनापति ने कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को स्वस्थ रखने एवं इस महामारी के फैलाओ को रोकने हेतु अपने विश्वविद्यालय में चल रहे सभी प्रकार की परीक्षाओं को 21.03.2020 से 31.03.2020 तक अभिलंब स्थगित करने की मांगों को लेकर कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा जाकर कुलपति प्रोफेसर (डॉ) शुक्ला मोहंती से मिलकर बात की. कुलपति ने छात्र हित में उपरोक्त मांग को गंभीरता पूर्वक से लेते हुए अभिलंब उचित निर्णय लेने का भरोसा दिलाया. साथ ही इसके अतिरिक्त अपने दूसरे मांग के तहत कोल्हान विश्वविद्यालय एवं इसके अंतर्गत महाविद्यालयों में स्थायी/ अस्थायी/ अनुबंध पर कार्यरत शिक्षक एवं कर्मचारीजो गर्भवती महिलाएं हैं तथा मधुमेह, उच्च रक्तचाप, थायराइड या रोग प्रतिरोधक क्षमता की कमी आदि से पीड़ित हैं, अस्वस्थता के कारण दिनांक 21.03.2020 से 31.03.2020 तक अपने कर्तव्य निर्वाह में असमर्थ होते हैं तो उनका वेतन या पारिश्रमिक मानवीय आधार पर नहीं काटा जाए। उन्हें डिजिटल इंडिया के तहत घर में ही बैठकर कार्य करने का मौका दिया जाए.

इसी तरह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (अभाविप) ने कोल्हान विश्वविद्यालय के परीक्षा स्थगित करने के लिये जमशेदपुर के उपायुक्त कार्यलय के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जमशेदपुर महानगर के में चल रहे परीक्षाओं को तत्काल स्थगित किया जाए और जमशेदपुर में ऐसे बहुत सारी प्राइवेट शिक्षण संस्थान हैं, जो राज्य सरकार के द्वारा बंद करने की आदेश के बाद भी क्लास चला रही है. वैसे शिक्षण संस्थान को चिन्हित कर जल्द से जल्द बंद करने की आदेश दिया जाये एवं उचित कार्रवाई की जाए. अभी कोल्हान विश्वविद्यालय में UG:- SEM 1, PG SEM 01,B.ED SEM 3, MBBS SEM 02 की परीक्षा हो रही है, जिसमें सैकड़ो की छात्र एक साथ परीक्षा दे रहे हैं, जो परीक्षार्थियों के लिये घातक सिद्ध हो सकता है. यह महामारी संक्रमण बीमारी को देखते हुए जल्द से जल्द विश्वविद्यालय के सभी परीक्षा को स्थगित करने की आदेश दिया जाए. इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सह मंत्री बापन घोष, प्रदेश विश्व विद्यालय सह कार्य प्रमुख वीरेंद्र कुमार , नगर मंत्री नील कमल सिंह, जिला कला मंच प्रमुख ज्योतिर्मय दास, महानगर के सुजित महतो, अभिषेक तिवारी आदि कार्यकर्त्ता उपस्थित थे. बापन घोष ने कहा पूरे विश्व भर में कोरोना नामक महासंकट आयी है. लेकिन कोल्हान विश्वविद्यालय में परीक्षा हो रही है परीक्षा के समय एक साथ सैकड़ो विद्यार्थी एक साथ बैठकर परीक्षा दे है. इससे संक्रमण फैल सकता है इस लिये बीमारी को नजरअंदाज न करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को पहले से ही उचित कदम लेना चाहिए. जिस तरह क्लास बंद किया गया है, उस ही तरह परीक्षा को भी एक समय अंतराल तक स्थगित करना चाहिए।जब देश के अधिकांश शिक्षण संस्थानों को परीक्षाएं स्थगित कर दी गई है लेकिन कोल्हान विश्वविद्यालय अभी भी परीक्षा ले रही, जो कि गलत है. अभाविप इसका विरोध करती है.















