
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग को उसी के चचेरे भाई ने शादी करने की नियत के अपने साथ भगा ले गया. परिजनों को इसकी सूचना खुद युवक ने फोन पर दी. इधर जानकारी मिलने के बाद परिजन साकची थाना में शिकायत लेकर पहुंचे. उन्होने साकची थाना में युवक के खिलाफ अपनी बच्ची को बहला फूसला कर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनका भतीजा चतरा का रहने वाला है. उनकी 17 साल की बेटी शनिवार से घर पर नहीं है. काफी खोजबीन करने पर भी वह नहीं मिली. देर शाम को भतीजे ने फोन कर बताया कि बेटी उसके साथ है और वह उसे भगा कर ले गया है. थोड़ी देर बात करने के बाद उसने मोबाइल बंद कर दिया. इधर शिकायत मिलने पर पुलिस ने नंबर को सर्विलांस में डाल दिया है. पुलिस दोनों के लोकेशन का पता लगा रही है.














