जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुड्डू काली मंदिर के पास रविवार शाम करीब 7 बजे एक दुकान के सामने खड़े नीलकमल पर हमला कर दिया गया. नीलकमल अपने तीन-चार साथियों के साथ खड़ा था. तभी पुराने फायरिंग मामले के विवाद को लेकर विवेक पांडे उर्फ लड्डू पांडे, राजू शाह उर्फ वीर बहादुर और विक्की बंगाली वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. नीलकमल ने भी इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई. इस दौरान तुषार बहादुर सहित अन्य हमलावरों ने डंडों से नीलकमल के सिर और कमर पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद राजू शाह और विक्की पांडे ने उसे लातों से बुरी तरह पीटा. घटना को देख पास ही मौजूद अमित कुमार सिंह ने बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी. घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों के बीच-बचाव से मामला किसी तरह शांत कराया गया. घायल नीलकमल को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए टीएमएच अस्पताल रेफर कर दिया गया. नीलकमल के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं. नीलकमल ने बताया कि विवेक पांडे उर्फ लड्डू पांडेय पहले भी फायरिंग मामले में जेल जा चुका है और छह महीने पहले ही रिहा हुआ था. रिहाई के बाद से वह लगातार फोन पर धमकी दे रहा था. आज अपने 4-5 साथियों के साथ आकर हमला कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि पूर्व में भी लड्डू पांडे के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पहले मारपीट की एक घटना के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल बरामद किया था, जबकि एक अन्य पिस्तौल आज तक बरामद नहीं हो पाई है. घटना के बाद बबलू पांडे ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी. हालांकि घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया था. बाद में पुलिस ने बबलू पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पुलिस इस हमले के मामले में भी जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की कर रही है.















