जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ लगातार दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पटमदा थाना क्षेत्र के गोबरघुसी निवासी बापी दास के विरुद्ध दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी बापी दास ने 5 फरवरी 2024 से उसे लगातार डरा-धमकाकर शारीरिक संबंध बनाए. विरोध करने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था. महिला ने बताया कि आरोपी के डर से वह लंबे समय तक चुप रही, लेकिन लगातार उत्पीड़न से तंग आकर उसने अंतत अदालत का दरवाजा खटखटाया. न्यायालय के आदेश पर ओलीडीह थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है. उलीडीह थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस ने कहा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.



