जमशेदपुर : दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कई आपराधिक मामलों के आरोपित निसार हसन उर्फ नीशु को दिल्ली से लेकर जमशेदपुर पुलिस शनिवार देर शाम जमशेदपुर शहर पहुंच गई. अपराधी के विरुद्ध हत्या, रंगदारी और फायरिंग की प्राथमिकी दर्ज है. उससे पुलिस पूछताछ कर रही है. जानकारी के अनुसार शहर में हत्या व फायरिंग कांड के बाद निसार हसन उर्फ निशु देश छोड़कर बहरीन चला गया था. बहरीन से ही निशु शहर में अपना गिरोह संचालित कर रहा था. निशु के खिलाफ निवर्तमान एसएसपी कौशल किशोर ने गत 14 मई को लुक आउट नोटिस जारी करवाया था. इसके तहत सभी एयरपोर्ट पर निशु के पासपोर्ट व तस्वीर को साझा किया गया था. निशु के एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उसे गिरफ्तार किया जाना था. निशु बहरीन में एक कंपनी में काम कर रहा था. गुरुवार को बहरीन से हवाई जहाज से निशु दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा. इसके बाद एयरपोर्ट पुलिस ने निशु को गिरफ्तार कर लिया. निशु पर जमशेदपुर में कई मामले दर्ज है. साल 2022 में गैंगस्टर गणेश सिंह पर बम से हुए हमले में भी वह शामिल रहा है.












