जमशेदपुर : डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन के सभागार में बीएड सत्र 2023-25 के छात्रों के लिए ग्रेजुएशन नाइट का आयोजन किया गया. समारोह में कोल्हान विवि के सीवीसी डॉ प्रभात कुमार मुख्य अतिथि, एलबीएसएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ अशोक झा विशिष्ट अतिथि, डीबीएमएस कॉलेज के अध्यक्ष डॉ बी चंद्रशेखर, सचिव श्रीप्रिया धर्मंराजन, सह-सचिव सुधा दिलीप, कोषाध्यक्ष एस धर्मराजन, प्रशासनिक सचिव सतीश सिंह, प्राचार्या डॉ मोनिका उप्पल, उप-प्राचार्या पामेला घोष दत्ता एवं मार्गदर्शक सलाहकार डॉ जूही समर्पिता आदि ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया.
कॉलेज की प्राचार्या ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. इसमें उन्होंने कॉलेज की उपलब्धियां, परीक्षाफल एवं विभिन्न गतिविधयों की विस्तार से चर्चा की. प्राचार्या ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला नहीं , बल्कि समाज को आकार देनेवाला महत्वपूर्ण स्तंभ भी होता है. बीएड की शिक्षा सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर सभी ने विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. (नीचे भी पढ़ें)
मुख्य अतिथि डॉ.प्रभात कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आप शिक्षक बन गए हैं आप बच्चों का कॉन्सेप्ट क्लीयर करने पर ध्यान दे , साथ ही, खुद को एक अच्छा इंसान बनाये . आप यदि अपने जीवन में कहीं असफल हो जाते हैं तो उसे अन्तिम मत समझिये. आपको यह मानकर चलना होगा कि आपको बहुत आगे जाना है. खुद को अवसाद में न घिरने दें, बल्कि चुनौतियों से लडें और आगे बढ़ें, सफलता स्वयं आपके कदम चूमेगी. शिक्षक केवल पाठ्य पुस्तक का ज्ञान नहीं देता बल्कि वह चरित्र , संस्कार , अनुशासन , आत्मविश्वास और जीवन -मूल्यों का भी निर्माण करता है . इसलिए सदेव सत्यनिष्ठा , संवेदनशीलता , अनुशासन और समर्पण को अपना मार्गदर्शक बनाइये. (नीचे भी पढ़ें)
विशिष्ट अतिथि डॉ अशोक कुमार झा ने कहा कि यह एक सर्टिफिकेट मात्र नहीं है, बल्कि यह एक आपके जीवन का साथी है | आप इस प्रमाण पत्र का सदुपयोग करें | आपको महाविद्यालय के द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कि गई है, यही ज्ञान आपके माध्यम से बच्चों एवं आनेवाली पीढ़ियों के विकास में सहायक होगी | आज शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। नई तकनीकों, नवाचारों और आधुनिक शिक्षण विधियों को अपनाते हुए भी मानवीय मूल्यों को कभी न भूलें। सीखना कभी बंद न करें, क्योंकि जो शिक्षक स्वयं सीखना छोड़ देता है, वह दूसरों को प्रेरित नहीं कर सकता. (नीचे भी पढ़ें)
कॉलेज के अध्यक्ष डॉ.बी.चंद्रशेखर ने कहा कि आप आदर्श शिक्षक के रूप में जहाँ जाए अपनी पहचान बनाये , आपके ऊपर भारत के भविष्य को गढ़ने की महत्वपूर्ण जिम्मेवारी है | आप समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले हैं | याद रखिए, एक प्रेरित शिक्षक हजारों विद्यार्थियों के जीवन में परिवर्तन ला सकता है। आपके द्वारा बोया गया ज्ञान और संस्कार का बीज आने वाले वर्षों में एक सशक्त और विकसित समाज का निर्माण करेगा।मैं आप सभी से अपेक्षा करता हूँ कि आप अपने ज्ञान, कर्म और चरित्र से अपने परिवार, अपने संस्थान और अपने देश का नाम रोशन करेंगे.(नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने कॉलेज की वार्षिक पत्रिका “संकल्प” का विमोचन भी किया. सर्वाधिक अंक लानेवाली प्रथम छात्रा पम्मी कुमारी , द्वितीय छात्रा नेहा रानी एवं तृतीय छात्रा भावना शर्मा को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया. ऑलराउंडर पुरस्कार नितीश कुमार घोष और प्रियंका कुमारी, सर्वोत्तम उपस्थिति पुरस्कार अनीशा शर्मा , जिम्मेदार छात्र पुरस्कार शुभांगी घोष और पूजा टंडन, सर्वोत्तम आचरण पुरस्कार मामोनी , एवं राइजिंग स्टार का पुरस्कार प्रभा किरण होनहागा, विनीता कुमारी हांसदा और भबता रिनी मुंडा को दिया गया. सभी 97 विद्यार्थियों को उत्तीर्णता प्रमाण पत्र , पाठ्यक्रम पूर्ण प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कियाे गए.







