जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में पशुओं के प्रति क्रूरता की रोकथाम, पशु कल्याण से जुड़े प्रावधानों के अनुपालन तथा अवैध रूप से संचालित गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई, पशु कल्याण से जुड़े प्रावधानों के अनुपालन, पशु परिवहन के दौरान निर्धारित नियमों के पालन तथा पशुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई. उपायुक्त ने कहा कि पशु कल्याण केवल प्रशासनिक कार्रवाई का विषय नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा विषय है. बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मीट शॉप, पेट शॉप एवं डॉग ब्रीडिंग सेंटर आदि को चिन्हित करने के लिए संबंधित विभाग एवं नगर निकाय संयुक्त रूप से टीम गठित कर अभियान चलाएं. ऐसे सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों को नियमों की जानकारी देते हुए आवश्यक जागरूकता प्रदान की जाए तथा पात्र प्रतिष्ठानों का नियमानुसार पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. (नीचे भी पढ़े)
उपायुक्त ने कहा कि पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने नगर निकायों को निर्देश दिया कि आवारा पशुओं को नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित रूप से पकड़ा जाए तथा निर्धारित गौशाला व आश्रय स्थल में भेजा जाए. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी पशु का स्वामी अपने पशु को गौशाला से वापस प्राप्त करना चाहता है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत गौशाला में उसके खानपान एवं देखभाल के लिए तय दर का भुगतान करने के बाद पशु को वापस प्राप्त करने की सुविधा दी जाए. इस व्यवस्था का उद्देश्य पशुओं की सुरक्षा के साथ-साथ पशु मालिकों को भी अपनी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है. बैठक में मुर्गा लड़ाई जैसी पशु क्रूरता से जुड़ी गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाने को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए नियमित जांच एवं अभियान चलाने को कहा, ताकि इस प्रकार की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से रोका जा सके. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र मजबूत करने तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. मीट शॉप के संचालन को लेकर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पशु वध (स्लॉटर) के लिए निर्धारित स्थान और मांस की बिक्री के स्थान अलग-अलग होने चाहिए. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर आवश्यक मानकों एवं नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब, पशुपालन विभाग पदाधिकारी, गौशाला के प्रतिनिधि व अन्य संबधित उपस्थित थे.




