
जमशेदपुर : आजाद नगर थाना क्षेत्र के शाही गार्डन के पास रविवार की सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो इसे देखने के लिए मजमा जुट गया। घटना की जानकारी आजाद नगर थाना पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान कराने की कोशिश की गई। लेकिन, अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। महिला की उम्र 70 साल के आसपास बताई जा रही है। बताते हैं कि यह महिला शाही गार्डन और सामने स्थित पेट्रोल पंप के आसपास ही रहती थी। यहीं रात में सो जाया करती थी। आसपास मांग कर गुजारा करती थी। माना जा रहा है कि ठंड के चलते उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।





