जमशेदपुर : ‘चलो जलाएं दीप वहां, जहां अभी भी अंधेरा है‘ की युक्ति को चरितार्थ करते हुए आज सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन / तुलसी भवन ने सेवा भारती के सहयोग से बागबेड़ा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में उत्साह पूर्वक दीपावली स्नेहोत्सव मनाया. इस अवसर पर तुलसी भवन की ओर से सेवा भारती के बाल संस्कार केन्द्रों के लगभग 150 बच्चों के बीच दीये, बत्ती, तेल, मिठाई व पटाखे आदि का वितरण किया गया. इस दौरान बच्चे काफी खुश दिखे. संस्थान के प्रकाश मेहता ने भारतीय संस्कृति में दीपावली के महत्व पर प्रकाश डाला एवं आह्वान किया कि भारत को समर्थ बनाने के लिए हिंदू समाज के वंचित, अभावग्रस्त, उपेक्षित समाज के कमजोर वर्गों को भी सफल बनाना होगा तथा नर सेवा नारायण सेवा का ध्येय रखना होगा. यह कथन सेवा भारती भारत वर्ष में चरितार्थ कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
संस्थान के मानद महासचिव डॉ प्रसेनजित तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सेवा भारती के अधिकारी, सभी केन्द्रों की शिक्षिकाएं एवं बच्चों संग तुलसी भवन के साहित्यकार यमुना तिवारी व्यथित, कैलाश नाथ शर्मा गाजीपुरी, डॉ उदय प्रताप हयात, सूरज सिंह राजपूत आदि उपस्थित रहे और बच्चों में कविताओं, गीतों से उत्साह का संचार किया. इस अवसर पर सेवा भारती के अध्यक्ष राजकुमार सिंह, सचिव संजय मिश्रा ‘ टीपू‘, राकेश कुमार, मनीषा, नेहा, सुनीता, कोमल, रजनी, रिया, राम पात्रो, राजेश कुमार साहू, दिनेश श्रीवास्तव आरती, खुशी, प्रिया, पूजा, ममता, वीणा, मुस्कान, बबिता, बिजों किस्कू आदि ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई.












